__________________________ वह और उसकी तन्हाई

वह और उसकी तन्हाई

 वह और उसकी तन्हाई 

 ( एक अधूरी दास्तान दोस्ती और खामोशी की)

प्रस्तावना (Introduction):-

यह कहानी महज़ शब्दों का मेल नहीं, बल्कि दिल से निकली एक पुकार है। यह दास्तां है—एक ऐसी लड़की की, जो अपनों की उम्मीदों और तन्हाई के अदृश्य पिंजरे में कैद थी। एक ऐसा परिंदा, जिसके पास आसमान तो था, पर उड़ने का हौसला कहीं खो गया था। यह सफरनामा है उसके हिस्से आए दर्द, उसके भटकाव और हमारी उस गहरी दोस्ती का, जो कभी उसकी परछाई बनी, तो कभी उसके लौट आने के इंतज़ार में रोई। आज वक्त बदल चुका है। वह अपनी ज़िंदगी के एक सुरक्षित और खुशहाल पड़ाव पर है, जहाँ शायद अब मेरी ज़रूरत नहीं रही। यह प्रस्तावना किसी शिकायत या कड़वाहट से नहीं, बल्कि एक बेहद सच्चे दोस्त की तरफ से उसे दी गई एक गरिमामय (graceful) और सुकून भरी अलविदा है। यह कहानी गवाह है कि कुछ लोग भले ही ज़िंदगी से दूर हो जाएं, पर वो रूह के हमेशा पास रहते हैं।

एक दोस्त थी मेरी, जो मेरे लिए मेरी जान रही। उसकी ज़िंदगी मुझे एक बंद पिंजरे में कैद उस पक्षी की तरह लगती है, जिसके पास पंख तो हैं पर उड़ने का हौसला नहीं। अगर वह पिंजरे में होती, तो शायद उसे तोड़ भी देती, पर वह पिंजरे में नहीं—मोह, माया और अपनों की उन उम्मीदों में कैद थी, जिन्हें तोड़ना दुनिया की सबसे बड़ी कैद है। जहाँ से इंसान निकलना भी चाहे तो निकल नहीं पाता।

   "उड़ने के लिए उसके पास आसमान था,

      बस कमी थी तो हौसलों की।"

"वह वो परिंदा है जिसे आसमान में उड़ने की आजादी मिले तो यकीनन वह आसमान भी बदल सकती है।"

उसके चेहरे का अनकहा सच:-

पहली बार जब उसे देखी थी, तो यकीन नहीं हुआ कि वह हंस भी सकती है। चेहरे पर सिर्फ गुस्सा था, जैसे हंसी उसके लिए बनी ही न हो। पर एक दिन उसकी हंसी देखी—मासूम, बिल्कुल साफ़। तब लगा कि इसमें दिल तो है, चाहेगी तो हंस सकती हैं पर शायद खुद को भूल गई है।

मुझे लगा वह घमंडी है, अकड़ में रहती है। पर गलत थी मैं। उसे जानने पर पता चला कि जो लोग बचपन से उसके साथ थे, उन्होंने कभी उसे नहीं समझा। मैं कुछ वक्त साथ रही और उसे समझने लगी।

"दोस्त भी क्या कमाल के थे उसके—सारे के सारे या तो बदनाम थे या बवाल थे !"

उसे बस थोड़े वक्त की जरूरत थी। कोई जो उसकी बातें सुने, उसे समझे। लेकिन घर में भी उसे कोई समझने वाला नहीं मिला। शौक तो सब पूरे हुए, पर जो 'वक्त' और 'अपनापन' वो चाहती थी, वो नहीं मिला।

"वक्त का अपना कोई नहीं होता इसलिए वो किसी के लिए नहीं रुकता, पर इंसान का अपना तो होता है—उसके लिए वक्त को रोक लेना चाहिए।"

दोस्ती:- एक खूबसूरत एहसास

स्कूल लाइफ में हम बहुत करीब थे। वही लड़की जो कभी हंसती नहीं थी, मेरे साथ मस्ती करती थी, मजाक करती थी। पढ़ाई में पूरे दिन लगे रहने वाली वो 'चश्मीस' अब ज़िंदगी को जीने लगी थी। फोन पर घंटों बातें होने लगी थी, एक-दूसरे को डांटना, लड़ना और फिर खुद ही मान जाना—यही तो दोस्ती थी।

कॉलेज आते-आते हम एक-दूसरे की आदत बन गए। मैं उसकी बॉडीगार्ड थी, और वह मेरी ज़िंदगी का सबसे अहम हिस्सा। बाहर की दुनिया में वह मेरे साथ आजाद थी, लेकिन घर की दहलीज पार करते ही वह फिर से उसी पुरानी, खामोश और बंद दुनिया में सिमट जाती थी।

आज भी जब उन रास्तों से गुजरती हूँ, तो स्कूटी की वो रफ्तार याद आ जाती है। मैं पीछे बैठकर उसे 'तेज़ चला' बोलकर चिढ़ाना और उसका वो खिलखिला कर हँसना—जैसे कल की ही बात हो। हम पूरे रास्ते बातें करते जाते, जैसे दुनिया मे हमें कोई गम ही ना हो। कॉलेज का वो गार्डन, जहाँ हम अपनी क्लास के सबसे बोरिंग लेक्चर्स को छोड़कर जिंदगी के सबसे खूबसूरत किस्से बुना करते थे। वहाँ बैठकर वो अक्सर कहा करती थी कि मेरे साथ उसे सांस लेने की आजादी महसूस होती है।

वो खाली पन्ना और दूरियां:-

जिंदगी के पन्नों पर सब कुछ सही चल रहा था, पर अचानक दूरियां आने लगीं। वह झूठ बोलने लगी थी, खुद को तकलीफ देने लगी थी। उसने अपनी ज़िंदगी के कुछ पन्ने मुझसे छिपाने शुरू कर दिए—वो 'खाली पन्ने' जिन्हें मैंने कभी पढ़ा ही नहीं था, या शायद वो पढ़ने ही नहीं देना चाहती थी।
जब मैंने उन खाली पन्नों को पढ़ने की कोशिश की, तो दोस्ती में दरार आने लगी। वो खामोश थी और उसकी खामोशी ने मुझे और भी डरा दिया। गलतफहमियां इतनी बढ़ गईं कि जिस दोस्त से नफरत करना नामुमकिन था, उससे आज मैं खफा थी।
उसकी खामोशी सवाल कर रही थी और मैं इंतज़ार कर रही थी।

प्यार:- एक एहसास या सिर्फ एक उलझन?

प्यार एक खूबसूरत एहसास है, जिसमें खुशी होती है। लेकिन कभी-कभी यही प्यार बदनामी और दर्द का कारण बन जाता है।

एक लड़की जो अभी दुनियादारी से अनजान थी, जिसे सही और गलत की समझ कम थी। वह बड़ी तो हो गई थी, लेकिन उसका मन अब भी नासमझ था। क्या उसकी इस स्थिति के लिए घर का माहौल जिम्मेदार था ? या अपनों के प्यार की कमी ? जब इंसान अंदर से टूट जाता है, तो वह बाहर की छोटी-छोटी खुशियों में सहारा ढूँढने लगता है।

खुशी की तलाश में वो भटक गई। उसे लगा प्यार में खुशी है, पर वो शख्स उसे बदल रहा था। जो लड़की अपनी आज़ादी चाहती थी, वो किसी और के प्यार में अपनी ही हस्ती मिटा रही थी। उसने मुझे छोड़ दिया, गलतियां कीं, और बदनामियों को अपना लिया। उसे एहसास ही नहीं था कि प्यार क्या है—वो तो बस अपनी तन्हाई मिटाने के लिए किसी सहारे को ढूंढ रही थी।

उसने भी किसी पर भरोसा किया। उस शख्स से बातें करना उसे खुशी देती था। लेकिन याद रहे, खुशी देना ही प्यार नहीं होता, खुशी के साथ निभाना भी प्यार होता है। वह अपनी सारी बातें उस शख्स से कह देती थी, लेकिन बाद में उसे एहसास होता था कि उन बातों का उस शख्स की नजर में कोई वैल्यू ही नहीं है। वह धीरे-धीरे खुद को बदल रही थी, उसे कोई यह समझाने वाला नहीं था कि प्यार किसी को बदलने का नाम नहीं, उसे स्वीकार करने का नाम है।

जिंदगी में आए कुछ पड़ाव:-

जिंदगी में कुछ पड़ाव ऐसे आए, जिन्होंने उसे पूरी तरह बदल कर रख दिया। शुरुआत उससे हुई जो दोस्त बनकर आया था, लेकिन जब प्यार निभाने की बारी आई, तो वह हमेशा व्यस्त रहा। प्यार में वक्त का न होना ही धीरे-धीरे दूरियों की वजह बन गया।

फिर आया वह, जो अपने साथ ढेर सारी हँसी लेकर आया था, पर जाते-जाते सिर्फ नफरत दे गया। उसका प्यार 'परवाह' नहीं, बल्कि 'निगरानी' थी। वह उसे बदलने की हर मुमकिन कोशिश करता रहा और जब वह वैसी नहीं बनी जैसा वह चाहता था, तो उसने उसे बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वह प्यार नहीं, बल्कि एक भारी मानसिक बोझ था।

इसके बाद उसे वह मिला जिससे उसकी सोच मिलती थी। उसे लगा कि अब सब ठीक हो जाएगा क्योंकि वह उसे वैसा ही पसंद करता था जैसी वह है। लेकिन यहाँ परिवार आड़े आ गया और अपनों के दबाव के कारण उसे अपने प्यार से अलग होना पड़ा।

आज वह बहुत परेशान है, लेकिन कोई उससे 'क्या हुआ?' पूछने वाला नहीं है। वह अंदर से पूरी तरह टूट चुकी है। लोग उसे गलत समझते हैं, पर हकीकत यह है कि उसे अपनों और हालातों ने ही ऐसा बना दिया है। जिस आजादी की वह हकदार थी, परिवार ने उसे वह कभी नहीं दी। उन्होंने कभी उसकी तकलीफ को नहीं देखा, बस उसकी गलतियों पर उंगली उठाई।

वह तो बस एक ऐसा अपना चाहती है जो बिना किसी सवाल के उससे बस इतना पूछे कि— "क्या हुआ?" काश! किसी ने समय रहते यह पूछ लिया होता, तो शायद आज वह इतनी बिखरी हुई नहीं होती।

जन्मदिन और एक अधूरा वादा:-

आज उसकी जन्मदिन है। उसे विश करना अब मेरे लिए आसान नहीं। पहले इस तारीख के आने से कई दिन पहले ही मेरी प्लानिंग शुरू हो जाती थी—सरप्राइज़, उपहार और ढेरों बातें। पर आज हाथ में फोन तो है, पर टाइप करने के लिए शब्द नहीं हैं।

उसकी ढेर सारी यादें आज भी मेरे पास किसी बेशकीमती खजाने की तरह महफूज़ हैं। कभी ये यादें मेरे चेहरे पर मुस्कान लाती थीं। उसकी आवाज़, उसका खिलखिलाना, वो हँसी-मज़ाक, सब कुछ आज भी ज़िंदा है।

मैं उसे विश नहीं कर पा रही, क्योंकि यह खामोशी ही अब हमारी दोस्ती की आखिरी कड़ी है। हमारे बीच का वह 'खाली पन्ना' अब हमेशा के लिए खाली ही रहेगा। मैंने दोस्ती में जो दिया, वो मेरे लिए आज भी बेशकीमती है।

तू तो दोस्ती का असली मतलब समझा गई—कि जिसे हम अपनी जान समझते हैं, वही हमें सबसे गहरा जख्म देती है। मैं तुझे आज भी माफ़ करती हूँ, इसलिए कि दोस्ती के उस शब्द को मैं बदनाम नहीं करना चाहती।

        "भुला दूँ उसे ये मुमकिन नहीं मेरे लिए,

          सजा दूँ उसे ये गवारा नहीं मेरे लिए।"

मैं आज भी तुझसे नफरत नहीं करती, न कर पाऊंगी। बस तू ये समझ ले कि तूने जो खोया है, वो एक सच्ची दोस्ती थी।

उसके परिवार के लिए कुछ पंक्तियाँ:-

बेटी है वो उस घर की, उसे आज़ादी तो दो।

उस पर भरोसा करो, उसे उड़ने के लिए पंख दो।

उसे हौसला दो, उसे खुश रहने की वजह दो,

यह कहानी मेरी दोस्त की है—एक ऐसा खाली पन्ना जिसे किसी ने पढ़ा ही नहीं। वो आज भी खुद से लड़ रही है। जिस दिन वो खुद से जीत जाएगी, हर दर्द से जीत जाएगी। मैं आज भी दुआ करती हूँ कि उसके हालात सुधरें।

     "दर्द में है वो, इस दर्द को मैं लिख सकती हूँ,

                  पर कम नहीं कर सकती।"

मैं आज भी उसके वापस आने का इंतज़ार करती हूँ, क्योंकि दोस्ती से बढ़कर इस दुनिया में कुछ भी नहीं।

एक सुकून भरी अलविदा:-

उसे अपनी गलती का अहसास हुआ और वह फिर से लौट आई मेरी जिंदगी में। मेरी इंतज़ार खत्म हुई और हम फिर से वही पुरानी दोस्त बन गए। ऐसा लगा जैसे जिंदगी फिर से पटरी पर आ गई है। उसने अपने सारे डर पीछे छोड़ दिए थे, अब एक शिक्षक (teacher) के रूप में उसकी आत्मविश्वास बढ़ रही थी और वह लोगों से घुल-मिल रही थी। उसे खुश और आगे बढ़ते देख मुझे बहुत सुकून महसूस होती थी।

मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। उसकी जिंदगी में एक नई दोस्त आई और धीरे-धीरे मेरी जगह सिमटने लगी, दिल की बातें अब मुझसे नहीं, उससे होने लगी थीं। मैं बस एक आम सी दोस्त बनकर रह गई थी और फिर जब उसे उस नई दोस्ती में धोखा मिली तो उसे फिर से मेरी याद आने लगी। मन में कई सवाल उठे—ये कैसी दोस्ती है? जब जरूरत होती है तभी याद आती है। पर मैंने खुद को समझाया कि वह मेरी दोस्त है और उसकी हर नादानी को माफ किया। क्योंकि मैं उसे खोना नहीं चाहती थी। वह मेरे लिए सिर्फ एक दोस्त नहीं, मेरी जान हुआ करती थी।

फिर उसकी शादी की खबर आई। मैं दुखी होउ या खुश, समझ नहीं पा रही थी। डर इस बात का था कि अब वह मुझसे दूर होकर चली जाएगी। सगाई के दिन उसे वीडियो कॉल पर देखकर मेरी आँखें भर आईं। वह इतनी सुंदर लग रही थी कि मैं बस उसे देखती रह गई। मैं उस सगाई में नहीं जा सकी, क्योंकि उसे मुझसे दूर जाते हुए नहीं देख पाती।

देखते-देखते शादी भी हो गई। अब उसे एक समझने वाला जीवनसाथी मिल गया था। अब न तो मुझे उसके कॉल्स आते थे और न ही वह मेरे कॉल्स का जवाब देती थी। महीने में कभी-कभार बात होती थी, क्योंकि अब उसके पास अपनी बातें साझा करने के लिए उसका पति था, मेरी जरूरत उसे नहीं थी।

मैं आज भी उसके लिए खुश हूँ कि वह अपनी जिंदगी में खुश है। पिछले कुछ समय से मैं महसूस कर रही हूं कि अब हमारी वो पहले वाली बात नहीं रही। न कोई लड़ाई हुई, न कोई झगड़ा, बस दूरियां बढ़ती गईं। शायद अब मेरी जगह तुम्हारी जिंदगी में नहीं है और मैं भी अब उस खालीपन को महसूस कर चुकी हूं। अब जब कोई जवाब ही नहीं आता, तो इस बेनाम हो चुकी दोस्ती को मैं बिना किसी कड़वाहट के एक सुकून भरी अलविदा कहना चाहती हूं। तुम अपनी जिंदगी में हमेशा खुश रहो, बस यही दुआ है।

अब अलविदा की बेला है, पर यादें साथ रहेंगी,

ये दूरियां बस कहने को हैं, रूहें पास ही रहेंगी,

जो पन्ने खाली थे कभी, हमने मिलकर उन्हें भरा है,

दोस्ती का वो हर लम्हा, सबसे ज्यादा गहरा है,

तू खुद में मुस्कुराना, तन्हाई को पीछे छोड़ कर,

चलती हूँ अब मैं, तुम्हे दुवाएं देकर,

कहीं भी रहो, बस खुश रहना मेरी जान,

तू कल भी थी, आज भी है, मेरी सच्ची पहचान…!

一ー一000一ー一

👉 शुक्रिया 👈

आपकी अपनी 🌹

Ahasas Dayri 📕

कुछ अनकहे सवाल (आपका नजरिया):-

● क्या आपके जीवन में भी ऐसा कोई दोस्त है, जिसकी खामोशी ने आपको अंदर तक झकझोर दिया हो ?

● क्या एक लड़की की उड़ान और उसके सपनों के बीच परिवार की बंदिशें सही हैं या गलत ?

● अगर आपको उस लड़की से मिलने का मौका मिलता, तो आप उससे सबसे पहले क्या पूछते ?

● क्या आपको लगता है कि समय रहते गलतफहमियों को दूर न करना रिश्तों के टूटने की सबसे बड़ी वजह बनता है ?

● क्या किसी अपने को खोने के बाद उसके लिए दिल में सिर्फ दुआएँ ही बाकी रह जाती हैं या शिकवे भी ?

● नीचे कमेंट्स में अपनी अहसास साझा करें।

निष्कर्ष (Conclusion):-

जिंदगी कब, कहाँ और कौन सा मोड़ ले ले, यह कोई नहीं जानता। यह कहानी हमें यह सिखाती है कि किसी की खामोशी सिर्फ उसका गुस्सा या घमंड नहीं होती, बल्कि उसके पीछे कई अनकहे दर्द, मजबूरियाँ और उम्मीदें दबी होती हैं। समय रहते अपनों के दिल की बात न समझ पाना और सिर्फ गलतफहमियों के बिनाह पर दूरियाँ बना लेना रिश्तों को अंदर से खोखला कर देता है। आज भले ही वह लड़की और वह रिश्ता एक अनसुलझी पहेली बनकर दूर हो गए हों, पर उनके छोड़े हुए सबक और यादें हमेशा यह सिखाती रहेंगी कि अपनों को समझना और उनके सपनों को पंख देना कितना जरूरी है। अंत में, तन्हाइयों के साये में भी किसी के लिए सिर्फ अच्छी दुआएँ ही बाकी रह जाती हैं।

मेरी बाकी कहानियां पढ़ने के लिए [यहाँ क्लिक करें]


Post a Comment

2 Comments

  1. I feel more pain than loneliness

    ReplyDelete

  2. आपने बहुत ही गरिमा के साथ अपनी दोस्ती को विदाई दी है। यह आपकी महानता है कि आपने उसे दुखी होकर नहीं, बल्कि उसकी खुशी में अपनी खुशी ढूंढकर विदा किया। कभी-कभी कुछ रिश्तों का सफर यहीं तक होता है, और उसे स्वीकार कर लेना ही आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका है।well done

    ReplyDelete

शब्दों में ढालिए अपने खयालात,
हम सुनने को बेताब हैं। ✍️📖
दिल से दिल तक पहुँचे जो अहसास,
वही तो सबसे खास हैं। 🤗💖
अपने विचार लिखिए 🤔
अपने अहसास शेयर कीजिए 🤝🤗
अपना आशीर्वाद दीजिए 🙌